भदोही। संविधान बचाओ संघर्ष समिति ने रविवार को भदोही तहसील में धरना देकर केंद्र सरकार पर संविधान से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार सामान्य वर्ग को आरक्षण देने का कुचक्र रच रही है। उसकी मंशा एससी-एसटी, ओबीसी आरक्षण में सेंध मारने की है। नायब तहसीलदार स्वामीनाथ सिंह के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपकर धरना समाप्त किया गया।
धरना के दौरान आयोजित सभा में तहसील संयोजक पप्पू गौतम ने कहा कि जबसे केंद्र में भाजपा सरकार बनी है, तभी से वह आरक्षण व्यवस्था को खत्म करने की साजिश रच रही है। इस कदम से दलित व ओबीसी आरक्षण व्यवस्था खत्म होने को लेकर भयभीत हैं। जबकि जिन्हें नौकरी और राजनीति में अतिरिक्त प्रतिनिधित्व है, उन्हें ही आरक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों ने केंद्र सरकार पर हिटलरशाही का आरोप लगाया।
ज्ञापन में इंदिरा साहनी बनाम भारत सरकार आरक्षण संबंधी केस से अवगत कराते हुए बताया गया कि एससीएसटी, ओबीसी को 49.5 प्रतिशत आरक्षण पर सीलिंग लगाई है। इसके बाद सरकार सामान्य वर्ग को 10 प्रतिशत आरक्षण कहा से और कैसे देगी यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जबकि सरकार के पास आज भी देश से जाति, वर्ण के आधार पर भेदभाव खत्म करने के लिए कोई योजना नहीं है।
लोगों ने बैलट पेपर से लोकसभा कराने, एससी-एसटी, ओबीसी की आबादी के आधार पर आरक्षण देने, ओबीसी क्रीमी लेयर को खत्म करने तथा निजी क्षेत्र के नौकरियों में आरक्षण लागू करने की मांग की। संचालन राहुल मौर्य ने किया। इस मौके पर आशीष शास्त्री, विजय कुमार, सुनील शास्त्री, राजू गौतम, वहीद शेख, महमूद अली, मुकुंद प्रजपति, राजेंद्र प्रसाद, यशवंत राम, घनश्याम, पिंटू गौतम, राजन, डेविड, उमाकांत, गंगाराम आदि मौजूद रहे।