ज्ञानपुर। मोदी सरकार के अंतरिम बजट में किसानों के ‘अच्छे दिन’ के संकेत जरूर मिल गए। पीएम सम्मान निधि के दायरे में जिले के एक लाख 87 हजार किसान आएंगे। जिनको मार्च के दूसरे पखवाड़े से दो हजार रूपये की पहली किस्त मिलनी शुरू हो जाएगी।
कालीनों के लिए विश्व प्रसिद्ध भदोही जिला 1056 वर्गकिमी क्षेत्रफल में फैला हुआ है। रबी और खरीफ सीजन में 50 से लेकर 64 हजार हेक्टेअर में खेतीबाड़ी की जाती है। जिले की 16 लाख की आबादी में एक लाख 87 हजार किसान पंजीकृत हैं। केंद्र सरकार की ओर से अंतरिम बजट में पीएम सम्मान निधि के तौर पर किसानों को तीन किस्तों में छह हजार रुपये देने का एलान किया गया। इसमें पांच एकड़ तक के किसानों को योजना का लाभ देने का प्राविधान तय है। जिले में 96 फीसदी किसान पांच एकड़ से कम की खेती करने वाले हैं। जिससे प्रधानमंत्री सम्मान किसान निधि योजना के दायरे में जिले के एक लाख 87 हजार किसान आएंगे। शासन से भले ही योजना को लेकर कोई अभी पत्र नहीं आया है लेकिन कृषि विभाग हरकत में आ चुका है। विभाग की ओर से किसानों की सूची को अपडेट किया जा रहा है। उप निदेशक कृषि अरविंद सिंह ने कहा कि पीएम सम्मान निधि को लेकर अभी कोई आदेश नहीं आया है, लेकिन पंजीकृत किसान ही योजना का लाभ पाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि मार्च के दूसरे पखवारे से किसानों के खाते में यह रकम भेजी जा सकती है।
पंजीकरण करा लें किसान
ज्ञानपुर। उप निदेशक अरविंद सिंह ने कहा कि किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा लें। इसके लिए सहज जन सेवा केंद्र पर आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी लेकर जरूर जाएं। पंजीकरण कराने वाले ही लाभ पा सकेंगे।