ज्ञानपुर। आने वाली दीपावली तक जिले की 188 सड़कें चकाचक होंगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव को हरी झंडी देते हुए शासन ने 21 करोड़ का बजट जारी कर दिया है। इनमें 165 सड़कों का नवीनीकरण किया जाएगा, जबकि शेष 23 नई सड़कें बनाई जाएंगी। बारिश के बाद सड़कों पर काम तेज हो जाएगा। विभाग ने अब तक 18 सड़कों का काम मुकम्मल कर लेने का भी दावा किया है।
जिले की 188 सड़कों को दीपावली तक गड्ढामुक्त किया जाएगा। शासन से बजट मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने नवीनीकरण और निर्माण शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और सड़क के विकास पर सरकार का विशेष फोकस रहता है। 2017 में भाजपा की सरकार बनने के बाद से ही सड़कों को गड्ढामुक्त करने का दावा तो किया जा रहा है, लेकिन धरातल पर अधिकतर सड़कें गड्ढों से मुक्त नहीं हो सकीं। जिन सड़कों की मरम्मत भी हुई वह भ्रष्टाचार के कारण महीने भर या कहें एक बारिश भी नहीं सह सकीं। मऊ जिले में खराब सड़कों को लेकर मुख्यमंत्री के सख्त तेवर दिखाने के बाद बजट आवंटन में तेजी आ गई। बारिश का सीजन करीब-करीब समापन की ओर होने से भदोही जिले की चिह्नित सड़कों के नवीनीकरण और नई सड़कों के निर्माण की कवायद लोक निर्माण विभाग की ओर से तेज कर दी गई है। आंकड़ों पर गौर किया जाए तो 12 करोड़ की लागत से 165 सड़कों का नवीनीकरण कार्य होना है, जिनमें 18 सड़कों का कार्य पूर्ण हो चुका है। साथ ही नौ करोड़ की लागत से 23 नई सड़कें बनाई जाएंगी।
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हीरामणि वर्मा ने कहा कि 165 में से 18 सड़कों का नवीनीकरण हो चुका है। शेष सड़कों के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है।