जंगीगंज (भदोही)। डीघ विकास खंड के मदनपुर गांव में बुधवार को आयोजित विकास गोष्ठी में ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने ग्रामीणों की मांग पर 15 हैंडपंप और दो सड़क बनवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विकास में कोई कोर कसर नहीं रहेगी। उन्होंने लोगों से कहा कि विधायक नहीं, मैं आपका चौकीदार हूं। रक्षा, सुरक्षा, चिकित्सा, गरीब बेटियों की शिक्षा और शादी का खर्च भी उठाऊंगा। केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता से ज्ञानपुर में लागू कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भ्रष्टाचार को खत्म करने में जुटे हैं। सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी अधिकारी भ्रष्टाचार करेगा, वह बख्शा नहीं जाएगा। कहा कि राजनीति मेरा शौक नहीं है। ज्ञानपुर की जनता जब तक प्यार करती रहेगी, राजनीति में रहूंगा। उन्होंने मुन्ना दुबे के घर से शिवालय तक400 मीटर समेत दो सड़कों और 15 हैंडपंप लगवाने की घोषणा की। गांव में 100 केवीए ट्रांसफर की मांग ग्रामीणों ने की तो उसे जल्द लगवाने का आश्वासन दिया। सर्वेश शुक्ला पुत्र लालचंद शुक्ला और इंद्रावती पति स्व. राजपति यादव जो कैंसर पीड़ित है, उन्हें आर्थिक मदद देने की घोषणा की। इसके पूर्व ग्राम प्रधान प्रेमशंकर पांडेय समेत ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर विधायक का स्वागत किया। भोजपुरी गायक राजेश परदेशी ने कजरी सुनाई। इस मौके पर बबलू सिंह, राजितराम यादव, विनोद ददा, लालजी यादव, कपिल मुनि पांडेय, दिलीप मिश्रा, राजमणि यादव, चंद्रलोक पांडेय, राहुल दूबे, पंचू, राजेश रामदेव समेत कई लोग मौजूद रहे।