ज्ञानपुर। शिक्षक पात्रता परीक्षा में जिले के केवल 35 फीसदी अभ्यर्थी ही उत्तीण हो पाए। बुधवार को रिजल्ट आने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मायूस दिखे। 18 नवंबर को हुई परीक्षा में 12 हजार 410 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें महज करीब 4300 अभ्यर्थी ही उत्तीर्ण हो सके।
प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक बनने की अर्हता पूरी करने के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा कराई जाती है। इसके लिए 18 नवंबर को जिले के 13 केंद्रों पर परीक्षा कराई गई थी। इसमें नए अभ्यर्थियों के साथ ही बड़ी संख्या में शिक्षा मित्रों ने भी हिस्सा लिया था। पूर्व माध्यमिक विद्यालय स्तर की परीक्षा में आठ हजार 242 परीक्षार्थी, जबकि प्राथमिक विद्यालय स्तर के लिए चार हजार 166 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। बुधवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा का रिजल्ट आने के बाद कुछ अभ्यर्थी खुश दिखे तो बड़ी संख्या में मायूस नजर आए। माध्यमिक शिक्षा विभाग के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो जिले का रिजल्ट 35 फीसदी रहा। 12 हजार अभ्यर्थियों में सिर्फ 4300 अभ्यर्थी ही सफल हो सके। हालांकि डायट का रिजल्ट काफी बेहतर रहा। यहां के 175 अभ्यर्थियों में 140 उत्तीर्ण हो गए। जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार चौरसिया ने कहा कि टीईटी का रिजल्ट काफी खराब रहा। 35 फीसदी ही अभ्यर्थी उत्तीर्ण हो सके।