विभूति नारायण राजकीय इंटरकालेज में बृहस्पतिवार से बोर्ड की कापियों का मूल्यांकन शुरू हो गया। पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 17 हजार 540 कापियां जांची गई। पहला दिन होने से केंद्र पर दिन भर गहमागहमी का माहौल रहा।परीक्षक अलग-अलग विषयों की कापियां लेने के लिए कोठार पर पहुंचे।
बोर्ड परीक्षा संपन्न होने के बाद 30 मार्च से मूल्यांकन शुरू हुआ। पहले दिन परीक्षकों को मूल्यांकन की बारीकियों से अवगत कराया गया। बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे से परीक्षकों को निर्धारित उत्तरपुस्तिकाएं सौंपी गई। मूल्यांकन केंद्र पर 95 टेबलों पर करीब 900 परीक्षकों ने मूल्यांकन कार्य शुरू किया। मूल्यांकन केंद्र के उप सह समन्वयक प्रेमचंद्र यादव ने बताया कि पहले दिन हाईस्कूल की 8155 और इंटरमीडिएट की 9 हजार 385 कापियां जांची गई। उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे समय बढ़ेगा मूल्यांकन कार्य में तेजी आएगी।