औराई। एसडीएम आशीष कुमार मिश्रा ने बृहस्पतिवार को औचक निरीक्षण में ड्यूटी के दौरान पशु चिकित्सक सहित कुल 17 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। एसडीएम ने सभी कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
एसडीएम के पशु चिकित्सालय पहुंचने पर पता चला कि 18 दिनों से पशु चिकित्सक अनुपस्थित चल रहें है तो उन्होंने उनसे स्पष्टीकरण तलब किया है। इसके बाद एसडीएम ने जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और ब्लॉक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया तो यहां पर भी कार्यरत कुल 16 कर्मचारी अनुपस्थित मिले जिसके बाद एसडीएम ने इनको भी स्पष्टीकरण देने को कहा है। इसके अलावा एसडीएम ने इस सभी कर्मचारियों को चेताया है कि यदि सुुुधार नहीं हुुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी । गौरतलब हो कि डीएम आर्यका अखौरी, मंडलायुक्त योगेश्वरराम मिश्रा की सख्ती पर एसडीएम अधिकारियों-कर्मचारियों की हकीकत जानने में पूरी तत्परता जुटे हैं। चार दिन पूर्व भी हुए निरीक्षण में 40 कर्मचारियों के कार्यालय छोड़कर गायब रहने पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया था ।
दरअसल सुबह लगभग 10.15 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने पर चिकित्सा अधीक्षक डा.अशफाक, डा.सदन कन्नौजिया, डॉ.नसरीन बानो, कनिष्ठ लिपिक कैलाशनाथ मौर्या, श्रीराम पटेल, ओपीटी राजू पाल, एलटी वीरेंद्र यादव अनुपस्थित मिले। इसके बाद एसडीएम 10.20 बजे ब्लॉक कार्यालय पहुंचे तो यहां पर बीटीए त्रिलोकीनाथ, टीए अनीश कुमार, भुनेश्वर पांडेय, भोलानाथ यादव, इंद्र भूषण शुक्ला, आजाद अहमद, एमए सिद्धकी, रमेशचंद्र सिंह, महमूद खान गायब मिले। इसके अलावा 10.22 और 10.30 बजे सीडीपीओ-नगर पंचायत कार्यालय की जांच करने पर कर्मचारियों के उपस्थित मिलने से एसडीएम ने संतोष भी जताया। यहां बता दें कि एसडीएम ने पशु चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम को रिपोर्ट भेज दी है ।