ज्ञानपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शुक्रवार को जिले भर में कई स्थानों पर एक साथ योग शिविरों का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन के साथ ही स्वयंसेवी संस्थाएं कार्यक्रम की तैयारी में जुटी हैं। सुबह सात बजे से योग शुरू होगा।
जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग, नगर पंचायत समेत अन्य विभागों के अफसरों को निर्देश दिया कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसका निर्वहन ईमानदारी से किया जाए। उन्होंने योग स्थलों पर पेयजल साफ-सफाई, मैटिंग, मेडिकल कैंप, मोबाइल टायलेट आदि की व्यवस्था कराये के लिए निर्देशित किया। जिला मुख्यालय पर योग शिविर का आयोजन विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में होगा। भदोही ब्लॉक के इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज, डीघ में कालिका इंटर कालेज, अभोली में जूनयिर एवं प्राईमरी पाठशाला अभोली, औराई में काशीराज महाविद्यालय इंटर कालेज और सुरियावां में ब्लॉक परिसर में आयोजन होगा। इसी तरह ग्राम पंचायतों से लेकर न्याय पंचायतों में योग शिविर का आयोजन होगा। बृहस्पतिवार शाम तक विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में साफ-सफाई, मैटिंग, मेडिकल कैंप, मोबाइल टायलेट आदि की सुविधाएं मुहैया कराई जाती रही। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी को निर्देशित किया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर कराएं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी योग शिविर का आयोजन कराएं। इसी तरह तहसीलों में एसडीएम और ब्लॉक में बीडीओ योग शिविर को सफल बनाएं। आयोजन स्थलों पर व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त करने के लिए बृहस्पतिवार को शाम तक कर्मचारी डटे रहे। इसी तरह जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान डायट पर बृहस्पतिवार को योग दिवस को लेकर रिहर्सल किया गया। मास्टर ट्रेनर धीरज सिंह ने बताया कि इस बार पांचवें योग दिवस पर दुनिया के 200 से अधिक देश एक साथ योगाभ्यास करेंगे। इस दौरान कोणासन, पादहस्तासन, शशकासन, उत्तनमंडूकआसन, मकरासन, भुजंगासन,शलभासन आदि का साधकों को रिहर्सल कराया। मौके पर डायट प्राचार्य एसके त्रिपाठी ,राजेश पांडेय, विवेक सिंह, पी के त्रिपाठी, अमित दुबे, कल्पना मौर्य, चांदनी सिंह, रविरंजन, रुक्मणी पांडेय आदि रहे।