ज्ञानपुर। प्रमुख सचिव स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन और जिले के नए नोडल अधिकारी हिमांशु कुमार बृहस्पतिवार को पहली बार जिले में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। दोपहर बाद आए नोडल अधिकारी ने नई तहसील, जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में योजनाओं की समीक्षा करते हुए अफसरों को दिशा-निर्देश दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में शासन के प्राथमिकता कार्यक्रमों, निर्माण कार्यों, विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा कर अफसरों को निर्देश दिया कि योजनाएं धरातल पर दिखनी चाहिए, अन्यथा कार्रवाई तय होगी। जिले की कानून व्यवस्था, महिला अपराध नियंत्रण, दहेज हत्या, अवैध खनन और कमजोर वर्ग पर विशेष ध्यान देने को कहा। शौचालयों का निर्माण, गोवंश आश्रय स्थलों पर निराश्रित गोवंश, प्रधानमंत्री शहरी आवास, आयुष्मान भारत, सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, बीज और उरर्वकों की उपलब्धता सुुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिया। उन्होंने जिले में शिक्षा व्यवस्था अच्छे ढंग से करने के लिए निर्देशित किया। नोडल अधिकारी ने बैठक में अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिया कि जिले में निर्माणाधीन सड़कें समय से पूर्ण कराएं। बैठक का संचालन जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतोष कुमार ने किया। इसी क्रम में नोडल अधिकारी महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। यहां पर सीएमएस ने बताया कि स्वीकृत पद के सापेक्ष डाक्टरों की कमी है। जिससे कई आधुनिक मशीनें संचालित नहीं हो पा रही हैं। मौके पर सीएमओ लक्ष्मी सिंह आदि रहीं।