ज्ञानपुुर। कृषि भवन घरांव में सोमवार को पंजीकरण काउंटर खाली देख किसान भड़क गए। नाराज किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। अधिकारियों के समझाने और कुछ देर बाद पंजीकरण शुरू होने के बाद किसान शांत हुए।
लोकसभा चुनाव की अधिसूचना खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में नए पंजीकरण के साथ ही त्रुटियां सुधारने का काम शुरू हो गया है। कृषि भवन घरांव में अलग-अलग ब्लॉक के लिए छह काउंटर विभाग की ओर से खोले गए हैं। सोमवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 100 से 200 किसान पंजीकरण कराने और त्रुटियां सुधारने के लिए पहुंचे, लेकिन कार्यालय में बने काउंटर खाली देख वे नाराज होकर हंगामा करने लगे। उनका कहना था कि उनका काम करने के लिए काउंटर पर कोई नहीं है। बताया गया विभाग के अधिकारी और कर्मचारी जिले भर में आयोजित किसान पाठशालाओं में शामिल होने गए हैं। किसानों के विरोध की खबर मिलने पर कुछ कर्मचारी आनन-फानन में दफ्तर पहुंचे और किसानों को समझा-बुझा कर शांत कराया। दोपहर बाद सभी कंप्यूटर ऑपरेटर एवं कर्मियों के आने पर पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो सकी। उप निदेशक कृषि अरविंद सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में पुराने आवेदनों की त्रुटियां ठीक कराई जा रही हैं। करीब पांच हजार किसानों के आवेदनों की खामियां सही कराई जा चुकी हैं। कई किसान पहले आवेदन करने के बाद दोबारा फॉर्म जमा करने के लिए पहुंच रहे हैं, जो पोर्टल स्वीकार नहीं करेगा। किसान पाठशाला का आयोजन होने से भी कुछ समस्याएं हुईं।