ज्ञानपुर। सूर्य की तपिश के बीच लोगों का स्वास्थ्य भी जवाब देने लगा है। खान पान में मामूली चूक होने से लोग डायरिया की चपेट में आ जा रहे हैं। जिला अस्पताल में प्रतिदिन उल्टी दस्त से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इमरजेंसी में शनिवार को 50 से अधिक मरीज भर्ती हुए तो ओपीडी में 836 मरीजों ने उपचार कराया। मरीजों की संख्या अधिक होने से एक बेड पर दो-दो लोगों को ड्रिप चढ़ाई गई।
भीषण गर्मी और तपिश से हर कोई बेहाल है। चिलचिलाती धूप में बाहर निकलना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। गर्म लू से बीमार हो जा रहे हैं। उमस भरी गर्मी होने से लोगों के खान-पान पर काफी असर पड़ रहा है। इससे लोग डायरिया और उल्टी दस्त से ग्रसित होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। सरकारी अस्पतालों समेत प्राइवेट अस्पतालों में भी हर रोज मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। शनिवार को महाराज चेत सिंह जिला अस्पताल में 50 से अधिक डायरिया के मरीज भर्ती हुए जबकि करीब 320 की संख्या में डायरिया के मरीजों का उपचार किया गया। इमरजेंसी वार्ड में एक बेड पर दो-दो मरीजों का उपचार किया गया। डॉ. आरपी यादव ने डायरिया से बचने के लिए अधिक पानी के सेवन पर जोर दिया।