सुरियावां। धार्मिक स्थली विंध्याचल से अभियां को जोड़ने की लंबे अरसे से की जा रही मांग आखिरकार शनिवार को पूरी हो गई। अभियां से रोडवेज बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। सवारियों से खचाखच भरी रोडवेज बस को लोकतांत्रिक जनता दल के प्रदेश महासचिव लोलारख उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे अब आमजन के साथ-साथ व्यापारियों, महिलाओं को एक छोर से दूसरे छोर की यात्रा के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
जौनपुर सीमा से सटे अभियां बाजार से यात्रा करने के लिए लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। विंध्याचल और वाराणसी जाने के लिए लोगों को कई वाहन बदलने पड़ते थे। पिछड़ा क्षेत्र होने से आटो आदि से ही लोग सुरियावां, ज्ञानपुर, भदोही क्षेत्र पहुंचते थे। एलजेडी के प्रदेश महासचिव लोलारख उपाध्याय करीब डेढ़ साल पूर्व प्रमुख सचिव परिवहन आराधना शुक्ला से मिलकर समस्या से अवगत कराया था। आवागमन सुविधा को सरल बनाने के लिए प्रमुख सचिव ने एआरएम वाराणसी दयाशंकर सिंह से रुट निर्धारित कर प्रगति रिपोर्ट मांगी। प्रमुख सचिव के फरमान को अमलीजामा पहनाने के लिए एआरएम का पहल भी सराहनीय रहा। शनिवार को अभिया वाया विंध्याचल-वाराणसी बस सेवा का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर कर दिया गया। एआरएम ने बताया कि अभियां से सुबह सात बजे भदोही, औराई, विंध्याचल, वाराणसी तक जाएगी। बस वाराणसी से दोपहर 12:00 बजे चलकर विंध्याचल होते हुए अभिया पहुंचेगी। इस दौरान आचार्य पंडित कमलाकांत दुबे ने नारियल फोड़कर बस का पूजन कराया। मौके पर रामअकबाल दुबे,लक्ष्मीकांत जायसवाल, अशोक कुमार मिश्र, अरविंद दुबे समेत बड़ी संख्या में सभ्रांतजन मौजूद रहे।