ज्ञानपुर। कॉन्वेंट स्कूलों की तर्ज पर सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इसके लिए पहले चरण में जिले के 12 प्राथमिक विद्यालयों का चयन किया गया है। बेेसिक शिक्षा विभाग की ओर से दो करोड़ 76 लाख की रकम जारी की गई है। इससे स्कूलों को आकर्षक बनाने के साथ ही सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा।
शिक्षा की रीढ़ मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से हर संभव प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कान्वेंट एवं अंग्रेजी स्कूलों की ओर से मिलने वाली सुविधाओं से उच्च और मध्यम वर्ग सरकारी स्कूलों की ओर रुख नहीं कर रहा है। अब जिले के 12 प्राथमिक विद्यालयों को आधुनिक एवं मॉडल बनाया जाएगा। शासन की ओर से इसके लिए प्रत्येक स्कूलों को 23-23 लाख के हिसाब से दो करोड़ 76 लाख का धन भी अवमुक्त किया जा चुका है। ज्ञानपुर में प्राथमिक विद्यालय घरांव, प्राथमिक विद्यालय सरई राजपुुतानी, भदोही में प्राथमिक विद्यालय भिखारीपुर और मिसिरपुर, औराई में प्राथमिक विद्यालय डभका समेत सुरियावां, डीघ और अभोली के दो-दो स्कूल शामिल है। इन स्कूलों में सोलर वाटर पंप, सबमर्सिबलपंप, सोलर लाइट, प्रोजेक्टर समेत अन्य सभी आधुनिक सुविधाएं रहेंगी। ब्लॉकों में चयनित दो प्राथमिक विद्यालय में एक अंग्रेजी माध्यम तो दूसरे में हिंदी माध्यम से पढ़ाई होगी। हर वर्ष इसी तरह चरणवार स्कूलों का चयन कर उसे विकसित किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि शासन की ओर से 23-23 लाख प्रति स्कूल स्वीकृत किया गया है। स्कूलों को आधुनिक बनाकर छात्र संख्या बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। जिले में जिले के 1143 प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं।