सुरियावां/औराई। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर गोष्ठी आयोजित कर लोगों को जागरूक किया गया। इसमें तंबाकू को असाध्य रोगों का जनक बताया गया।
सीएचसी सुरियावां में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने पोस्टर-बैनर लगाकर तंबाकू से दूरी बनाने के लिए जागरूक किया। अधीक्षक डॉ. रतीश भुवन पाठक ने कहा कि युवा पीढ़ी तंबाकू के सेवन से बचे। यह जानलेवा और असाध्य रोगों का जनक है। मौके पर डॉ. आरएस चौहान, विनय मिश्रा, सुचेता गिरी, सुभाष बिंद आदि रहे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई में आयोजित गोष्ठी में तंबाकू के सेवन और उससे होने वाले नुकसान पर चर्चा की गई। सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित कुमार दुबे ने कहा कि तंबाकू से जहां स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ता है जबकि खतरनाक बीमारी के चलते परिवार को पूरी जिंदगी कष्ट झेलना पड़ता है। हमें चाहिए कि आसपास जो भी तंबाकू का सेवन करें उसे उसके सेवन से रोकना चाहिए। इस मौके पर डॉ. अंबरीश, डॉ.अवधेश, आशा, राजेश यादव, दिलीप दूबे, सत्यराम आदि रहे।