भदोही। कोतवाली अंतर्गत नगर के आलमपुर (नई बस्ती) में बृहस्पतिवार को बासी खाना खाकर एक ही घर के छह लोग बीमार हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। लोगों को उल्टी दस्त करते देख घर में खलबली मच गई। आनन फानन में लोगों को महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि उपचार के बाद शाम को सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। चिकित्सक ने बताया कि सभी ने बासी इनरी का सेवन कर लिया था। मोहल्ले के नबीउल्लाह के यहां दो दिन पूर्व गाय ने बच्चा जना था। जिसके बाद घर में गाय के दूध की इनरी बनाई गई थी। बताते हैं कि दो दिन बाद बृहस्पतिवार को भी लोगों इनरी का सेवन कर लिया। लोगों की परेशानी का सबब बन गया। घर वालों ने बताया कि इनरी खाने के आधे घंटे के बाद से लोगों को उल्टी शुरू हो गई। एक के बाद जब सभी लोग बीमार पड़ने लगे तो मदीना बेगम (60), अकरम अली (35), मो.साकिब (12), सना (8) अरशद (3) तथा दो वर्षीय सानिया को तत्काल राजकीय अस्पताल लेकर भागे। डाक्टरों के अनुसार सभी खतरे से बाहर हैं और शाम तक अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।