भदोही। कोतवाली अंतर्गत रजपुरा चौराहे पर सोमवार को सुबह आठ बजे ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार एक अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक सवार बिना हेलमेट पहने बाइक पर बैठे थे और परीक्षा देेने के लिए प्रयागराज जा रहे थे। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घायल आशुतोष सिंह (22) वाराणसी जनपद के बड़ागांव थाना क्षेत्र का हसनपुर निवासी बताया गया है, जिसे रेफर कर दिया गया। मृतक की शिनाख्त बनारस के बड़ागांव क्षेत्र के कुरु गांव निवासी प्रशांत तिवारी (21) के रूप में हुई है। दोनों छात्र एक बाइक से भदोही-गोपीगंज के रास्ते प्रयागराज परीक्षा देने जा रहे थे। रामरायपुर से आगे बढ़ कर जब उनकी बाइक रजपुरा चौराहे पहुंची तभी पीछे से आ रही एक ट्रक ने उन्हें रौंद दिया, जिससे दोनों ट्रक की चपेट में आ गए। प्रशांत की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने वहां पड़े घायल आशुतोष को उसी चौराहे पर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया जिसका प्राथमिक उपचार कर वाराणसी रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस की सूचना पर दोनो छात्रों के परिजन भदोही आ गए।
घटना को लेकर लोगों में व्यापक गुस्सा दिखा। लोगों ने कहा कि चौराहा व्यापक व्यस्त होने के बाद भी वहां कोई यातायात पुलिस की तैनाती नहीं है। कभी कभी पुलिस पिकेट ड्यूटी होती है, लेकिन आज घटना के समय वहां कोई नहीं था। चौराहे पर ट्रकों को भारी दबाव रहता है। लोगों ने यातायात पुलिस की तैनाती करने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि ट्रक समेत चालक को हिरासत में ले लिया गया है।