ज्ञानपुर। हाईकोर्ट के आदेश पर भी लंबित प्रकरण का निस्तारण नहीं करना ज्ञानपुर तहसील के लेखपाल रामनारायण प्रजापति को भारी पड़ गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ज्ञानपुर अमृता सिंह ने उन्हें निलंबित कर दिया।
काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के समीप ददरहा मौजा की एक जमीन को लेकर कोर्ट में शिकायत की गई थी। इस प्रकरण का लेखपाल ने निस्तारण नहीं किया। ज्ञानपुर तहसीलदार सुनील कुमार की आख्या में पाया गया कि पूरे गोसाईदास में कार्यरत रहते हुए पूर्णमासी बनाक मामले का लेखपाल रामनारायण प्रजापति ने निस्तारण नहीं किया। वादी ने राजस्व विभाग की लापरवाही को दर्शाते हुए मामले की शिकायत दोबारा कोर्ट में की। कोर्ट ने मामले में डीएम से रिपोर्ट मांगी। कोर्ट के आदेश के बाद भी प्रकरण का निस्तारण नहीं करने पर एसडीएम ने लेखपाल को निलंबित कर दिया।