भदोही। कोरोना से सुरक्षा के लिए प्रोटोकाल का पालन नहीं करने पर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। अब तक तो लोगों को समझा बुझाकर काम चलाया जा रहा था और लोग नहीं मान रहे थे। लेकिन बृहस्पतिवार को पुलिस ने प्रोटोकाल का उल्लंघन करने वाले 15 दुकानदारों को हिरासत में लेकर दो-दो हजार रुपये जुर्माना वसूलने के बाद छोड़ा। पुलिस ने और सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जानकारी हो कि अब तक सुबह 7 बजे से 11 बजे तक किराना की दुकानें खोलने का निर्देश है। इसके बाद केवल सब्जी विक्रेताओं की दुकानें ही खुल सकती हैं। लेकिन देखा जा था कि कुछ दुकानदार दिन दिन भर दुकानें खोल रहे थे या चोरी छिपे बैक डोर से दुकानों में ग्राहकों का जमावड़ा करा रहे थे। आज पुलिस ने सख्ती कर 15 दुकानदारों को कोतवाली उठा लाई। पुलिस की सख्ती का अंदाजा ऐसे लगाया जा सकता है कि दुकानदारों की पैरवी में भाजपा नेताओं के फोन आने लगे लेकिन पुलिस ने एक न सुनी और सभी से जुर्माना वसूल कर चेतावनी देकर ही छोड़ा।
इस बाबत कोतवाल सदानंद सिंह ने बताया कि सभी से 2-2 हजार रुपये वसूला गया है और यह निर्देश दिया गया है कि प्रोटोकाल का गंभीरतापूर्वक पालन करें। ऐसा न करने पर सख्ती से कार्रवाई होगी। उधर बाजार में बंदी का पालन गत वर्ष मार्च जैसा पालन नहीं हो पा रहा है। पुलिस की इतनी सख्ती के बाद भी सड़कों पर चहल पहल बरकरार है। लोग बाईक, साइकिल, ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा, निजी कार से सड़कों पर फर्राटा भरते देखे जा रहे हैं।