ज्ञानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा को लेकर उहापोह की स्थिति बन गई है। तीन दिनों में स्थल और तिथि में दो बार बदलाव हो चुका है। अब छह के बजाए पांच मई को अलमऊ- लालानगर के पुराने स्थल पर ही जनसभा होने की बात पार्टी जिला इकाई ने कही है। पार्टी नेतृत्व की ओर से इसकी जानकारी पदाधिकारियों को दी गई है।
चार चरणों का मतदान होने के बाद दिग्गज नेताओं का कारवां पूर्वांचल की ओर ही बढ़ेगा। छठवें और सातवें चरण में पूर्वांचल की कई सीटों पर वोट डाले जाएंगे। छठवें चरण में 12 मई को जिले में मतदान होना है। भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेष मांग की जा रही है। कुछ दिन पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा छह मई को अलमऊ के पास तय की गई, लेकिन मंगलवार को स्थान बदलकर अभोली किया गया। बुधवार को तिथि और स्थल में फिर बदलाव किया गया। अब पांच मई को सुबह नौ बजे पुराने स्थल अलमऊ में ही पीएम की सभा तय की गई। सुरक्षा कारणों या समयाभाव में पीएम की सभा फाइनल नहीं हो पा रही है, जिससे ऊहापोह की स्थिति बन गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व की ओर से पांच मई का समय फाइनल किया गया है। अलमऊ के पुराने स्थल पर ही अब सभा होगी।