ज्ञानपुर। हरी सब्जियों का दाम सातवें आसमान पर पहुंच गया है। टमाटर-मूली से लेकर करेला और भिंडी परवल तक की कीमतों में आग लगी हुई है। खाने के शौकीन फिर भी खा रहे हैं, लेकिन कई घरों की रसोईं का बजट बिगड़ गया है। इससे तमाम लोगों ने बजट में कटौती शुरू कर दी है।
अप्रैल में आसमान से बरसने वाली आग से हरी सब्जियां भी झुलसने लगी हैं। पिछले कुछ दिनों में सब्जियों के भाव में भारी इजाफा हुआ है। सब्जियां पांच से लेकर 20 रुपये प्रति किलो तक मंहगी हुई हैं। गर्मी बढ़ने के कारण मंडियों में सब्जियों की आवक कम हो गई है। वहीं बारिश के अभाव में हरी सब्जियों का उत्पादन प्रभावित हुआ है। पिछले 10 दिनों की अपेक्षा सब्जी के थोक और फुटकर भाव में पांच रुपये से लेकर 20 रुपये तक की बढ़ोतरी हो गई है। जहां सौ रुपये की सब्जी में झोला भर जाता था, वहीं अब सौ रुपये में पॉलिथिन भी नहीं भर पा रही है। बृहस्पतिवार को मंडी में सब्जी खरीदने पहुंचे मनीष त्रिपाठी ने कहा कि मूली 40 रुपये किलो हो गई है। करेल और भिंडी भी इसी भाव में खरीदना पड़ा। जबकि माह भर पहले इन सब्जियों के दाम काफी कम थे। ज्ञानपुर में जिला पंचायत के पास सब्जी की दुकान लगाने वाले विकास सरोज के अनुसार अगर गर्मी कम होने के साथ समय पर बरसात नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में सब्जियों के भाव में और इजाफा हो सकता है। इससे खरीददारों को ही नहीं दुकानदारों को भी घाटा उठाना पड़ सकता है। जो लोग एक किलो टमाटर समेत अन्य सब्जियां लेते थे। उनकी खरीददारी आधे से कम पर आ गई है। इससे उनका धंधा भी मद्दा पड़ने लगा है।
..........
इनसेट
पिछले 10 दिनों में मंहगी हुई सब्जियों का आंकड़ा
सब्जी पहले अब
नेनुआ- 24 - 35
परवर- 30 -40
कोहड़ा- 20 -24
प्याज- 10 -15
टमाटर- 15 - 20
आलू- 08 -10
चुकंदर- 13- 20