भदोही। नगर के पकरी तिराहे पर जलजमाव, बजबजाती चोक नालियां और जाम की समस्या से आम नागरिक और दुकानदार त्रस्त हैं। नगर का प्रमुख तिराहा होते हुए भी आज तक इस चौराहे के सुंदरीकरण की ओर ध्यान नहीं दिया गया। नतीजन तिराहे का विकास नहीं हो पा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि तिराहे का नामकरण पूर्व सांसद स्व. फूलन देवी के नाम होने के बाद भी अब तक इसके विकास की बात करने वाला कोई नहीं है।
सीमेंट दुकानदार धर्मराज यादव ने कहा कि अहमदगंज रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या के चलते पकरी रेलवे क्रॉसिंग पर यातायात दबाव बढ़ गया है। इससे पकरी तिराहे पर जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। पटरियां होते हुए भी उन पर जलभराव से उनका उपयोग नहीं हो पाता जिससे दिक्कत बढ़ती जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार अमित दूबे ने कहा कि सुबह से ही जाम का झाम शुरू हो जाता है। कभी वाहनों की भीड़ के चलते तो कभी रेलवे फाटक बंद होने से। जनप्रतिनिधि तिराहे पर फूलन देवी की प्रतिमा की साफ सफाई तो करने आते हैं, लेकिन यहां की दुर्दशा को हमेशा नजरअंदाज कर देते हैं। कहा कि तिराहे का सुंदरीकरण कराए जाने का समय आ गया है।
तिराहे पर मेडिकल स्टोर खोले प्रदीप यादव ने कहा कि तिराहे पर जलनिकासी के साधन नहीं हैं। इस ओर कभी ध्यान नहीं दिया गया। बजबजाती नालियों से जो दुर्गंध उठती है, उस माहौल में सांस ले पाना मुश्किल हो जाता है। इस ओर प्रशासनिक अधिकारियों को ध्यान नहीं है। जूता व्यवसाई हंसराज यादव कहते हैं कि नगर के रजपूरा और विवेकानंद चौराहों का सुंदरीकरण हो रहा है। उसी तर्ज पर पकरी तिराहे का भी सुंदरीकरण कराया जाना चाहिए।