ज्ञानपुर। शासन के निर्देश पर बाढ़ से निपटने के लिए सतर्कता और सतत निगरानी के मद्देनजर शुक्रवार को डीएम विशाख जी के निर्देश पर औराई और ज्ञानपुर तहसील के प्रभावित इलाकों का दोनों एसडीएम ने निरीक्षण किया। वहां के लोगों से रूबरू होकर समस्याओं से अवगत हुए। स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग की टीम ने भी मौके पर जाकर स्थिति को देखा।
डीएम के निर्देश पर एसडीएम औराई केशवनाथ गुप्ता ने टीम के साथ गंगा के किनारे के डेरवा, भवानीपुर, जहागीराबाद, (रामपुर), सहसेपुर आदि प्रमुख गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। इन इलाकों में गंगा का जल स्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है, जिसे ग्रामीणों को पूर्ण रूप से अवगत भी करा दिया गया है कि प्रशासन की ओर से तैयारी हो चुकी है। उन्होंने इलाकों के लेखपाल और कानूनगो को हिदायत दिया कि वह प्रतिदिन जलस्तर का रिपोर्ट दें। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता कृष्ण गोपाल, विकास यादव रहे। इसी तरह एसडीएम ज्ञानपुर सुनील कुमार यादव ने छेछूआ, भूर्रा, सीतामढ़ी, समेराध, इब्राहिमपुर आदि गांव के ग्रामीणो से रूबरू होते हुए गंगा से सटे गावों के लेखपालों को निर्देश दिया कि जलस्तर पर विशेष नजर रखें। खतरे के आसपास भी जलस्तर पहुंचे तो प्रशासन को सूचित करें। इस मौके पर बीडीओ डीघ आजम अली, डॉ. अनिल श्रृगांर,डॉ. आरएस केसरी समेत कई लोग मौजूद रहे।