ज्ञानपुर। पौधरोपण महाअभियान के तहत बुधवार को कालीन नगरी को हरा भरा बनाने के लिए एक दिन में 13.41 लाख पौधे मां के नाम रोपित किए गए। पर्यावरण संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी है।
प्रभारी मंत्री एके शर्मा और नोडल मासूम अली सरवर ने भदोही के मल्लुपुर, खेमईपुर में मां के नाम पौधरोपण किया। शिक्षण संस्थानों से लेकर विभिन्न संगठनों और समाजसेवियों ने पौधरोपण किया। 22 विभागों के संयुक्त प्रयास से एक दिन में 13 लाख 41 हजार 700 पौधे रोपित हुए।
जिले में वृहद पौधरोपण अभियान को सफल बनाने के लिए 22 विभागों के समन्वय से कार्यक्रम आयोजित किए गए। जहां एक पेड़ मां के नाम रोपित कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली गई। प्रभारी मंत्री एके शर्मा ने कहा कि प्रदेश में रिकार्ड एक दिन में 37 करोड़ पौधेरोपित किए गए हैं। पर्यावरण को सहेजने की जिम्मेदारी हम सबकी है। हर किसी को पौधा लगाना चाहिए। पौधरोपण से न केवल हमारा पर्यावरण का संतुलन बनता है, बल्कि यह वातावरण को शुद्ध करता है और हरियाली रहती है।
नोडल अधिकारी प्रबंध निदेशक रोडवेज मासूम अली सरवर ने जिलाधिकारी शैलेश कुमार और सीडीओ बालमुकुंद शुक्ला, डीएफओ विवेक यादव के साथ मल्लुपुर खमईगांव में पौधारोपण किया। संचालन अध्यापक बीएल पाल ने किया।
ज्ञानपुर गेस्ट हाउस में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य नीलम प्रभात ने पौधरोपण किया। जनपद न्यायाधीश अखिलेश दूबे ने न्यायालय परिसर में पौधरोपण किया। औराई के केशव प्रसाद मिश्र राजकीय महिला महाविद्यालय में अध्यापक संग छात्रों ने पौधरोपण किया। गोपीगंज के बड़े शिव मंदिर सहित गोपपुर, माधोरामपुर और गोपीगंज पालिका के विभिन्न क्षेत्रों में पौधरोपण किया गया। अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, जयशंकर राजेश सहित अन्य ने पौधा लगाया।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पौधे लगाए। अभोली बीडीओ अनिल कुमार राय ने कर्मचारियों के साथ पौधा लगाया। वहीं उद्योगपति ओमकार नाथ मिश्र, श्रम प्रवर्तन अधिकारी मयंक मिश्रा ने छतमी में पौधे लगाए। बाबूसराय के तालाब पर प्रधान अल्फाज अली ग्रामीणों के साथ फलदार पौधा लगाया। ओबीटी मियावाकी पद्धति से ओबीटी कंपनी के अध्यक्ष आईबी सिंह ने उद्योग विभाग के अधिकारी विवेक कुमार, राजेश कुमार के साथ गोपपुर के पास फलदार पौधा लगाया। यहां आम, अमरुद, नींबू, महुआ का पौधा लगाया गया।