सुरियावां। मेढ़ी मैदान पर तेजधर ब्रह्म बाबा खेल समिति की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के 13वें दिन बृहस्पतिवार को गाजियाबाद और इलाहाबाद ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गाजियाबाद की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 109 रन बनाए, जिसमें सबसे अधिक 32 रनों का योगदान इंद्रजीत ने दिया। जबकि अमरदीप ने 20 व सूरजप्रकाश ने 15 रनों की पारी खेली। सोनभद्र के गेंदबाज ध्रुवलाल ने 15 रन देकर 4, विजय कुमार वर्मा ने 2, प्रवीन दूबे ,विनोद यादव, शिवबहादुर यादव न 1-1 विकेट हासिल किया। जवाब में सोनभद्र की पूरी टीम 16वें ओवर में 73 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। गाजियाबाद के गेंदबाज उमेश ने आक्रामक गेंदबाजी करते हुए 16 रन देकर 6 विकेट, इंद्रबहादुर, आकाश मौर्य, सूरजभान सिंह को 1-1 विकेट मिला। दूसरा मैच इलाहाबाद बनाम हंडिया के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इलाहाबाद की टीम ने 15 ओवरो में 4 विकेट पर 166 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए हडिया की टीम 9 विकेट खोते हुए 95 रनों पर सिमट गई। खेल मैदान में उपस्थित रहे दर्शकों ने बल्लेबाजों और गेंदबाजों का खेल समाप्ति तक उत्साह वर्धन करते रहे।