लालानगर। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के ज्ञानपुर रोड स्टेशन पर बुधवार की दोपहर डाउन स्टार्टर सिग्नल फेल होने से नई दिल्ली से वाराणसी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन खड़ी हो गई। मेन लाइन पर ट्रेन के रुकते ही रेलवे प्रशासन में खलबली मच गई। चालक ने ट्रेन रुकते ही स्टेशन मास्टर को मेमो दिया तथा मंडलीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। टेकभनीशियन ने मौके पर पहुंचकर सिग्नल दुरुस्त किया तब जाकर ट्रेन वाराणसी के लिए रवाना हुई। इस दौरान दो मिनट तक ट्रेन प्लेटफार्म पर खड़ी रही।
नई दिल्ली से कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज होकर वाराणसी जाने वाली 22436 डाउन वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से ज्ञानपुर रोड स्टेशन पार कर रही थी कि अचानक स्टार्टर सिग्नल फेल हो गया और ट्रेन स्टेशन पर खड़ी हो गई। ट्रेन के रुकते ही स्टेशन पर कार्यरत स्टेशन मास्टर और अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। चालक ने मंडल के उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए स्टेशन मास्टर ज्ञानपुर रोड को मेमो दिया। स्टेशन मास्टर ने स्टेशन पर कार्यरत टेकभनीशियन को तत्काल मौके पर भेजा। टेकभनीशियन ने मौके पर पहुंचकर सिग्नल दुरुस्त किया तब जाकर करीब पांच मिनट बाद ट्रेन वाराणसी के लिए रवाना हो सकी। हालांकि स्टेशन मास्टर अशोक वर्मा का कहना रहा कि सिग्नल फेल्योर होने से ट्रेन रुकी। दो मिनट में तकनीकी खामियां दूर कर ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना करा दी गई। गौरतलब है कि वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल परिचालन वाया मंडुआडीह-प्रयागराज रूट पर किया जा रहा है।