औराई। मतदान के दिन लक्ष्मणा बूथ पर विधायक के पीठासीन अधिकारी के साथ मारपीट करने के मामले ने तूल पकड़ना शुरू कर दिया है। मंगलवार को उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ ने आपात बैठक बुलाकर पीठासीन अधिकारी बनाए गए शिक्षक राधेश्याम की पुरजोर पैरवी की। संगठन के अध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि पीठासीन अधिकारी को मारने पीटने के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
गौरतलब है कि 12 मई को मतदान के दौरान लक्ष्मणा बूथ पर तैनात पीठासीन अधिकारी पर मतदान कराने में पक्षपात का आरोप लगने के बाद मारपीट हो गई थी। पीठासीन अधिकारी का आरोप है कि औराई विधायक दीनानाथ भास्कर ने मारपीट कर घायल कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने पीठासीन अधिकारी का मेडिकल कराकर विधायक के खिलाफ केस दर्ज किया था। शिक्षक होने के नाते शिक्षक संघ ने पीठासीन अधिकारी का पक्ष लेते हुए रोष जताया। मंगलवार को हुई बैठक में घटना की निंदा करते हुए शिक्षकों ने कहा कि भुक्तभोगी शिक्षक के साथ पूरा शिक्षक समाज खड़ा है। प्रशासन को तत्काल दोषियों की गिरफ्तारी करनी चाहिए। चेतावनी दी कि मामले में लीपापोती की गई और उल्टा अध्यापक पर फर्जी केस किया गया तो संगठन लड़ाई लड़ने को तैयार है। इस मौके पर घनश्याम यादव, हरिश्चंद्र पाठक, समरजीत यादव, मनोज कुमार उपाध्याय, अरुण पांडेय, सूर्यकांत मौर्य, केके मौर्य, मनोज शुक्ला, वीरेंद्र पटेल, दिनेश मौर्या, अनिल सिंह, वंशराज मौर्य, अरविंद उपाध्याय, डॉ. प्रमोद मिश्रा, हीरामणि यादव, रवींद्र पांडेय, योगेश पांडेय आदि मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि ज्ञानपुर क्षेत्र के छत्रशाहपुर गांव निवासी राधेश्याम रामपुर घाट प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं। इस प्रकरण में विधायक पर केस दर्ज होने के बाद उनके समर्थकों ने पुलिस और जिलाधिकारी को तहरीर देकर पीठासीन अधिकारी के खिलाफ भी केस दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।