भदोही। नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या 11 जल्लापुर नईबस्ती के लोग वर्षों से जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। हाल यह है कि बस्ती में आने वाली एक सड़क जहां जलमग्न है, वहीं दूसरी रोड कच्ची होने से नागरिकों का रोजमर्रा का जीवन मुश्किल हो गया है। वर्षों पहले वार्ड में स्लाटर हाउस निर्माण से उपजे विवाद के बाद कुछ लोगों की ओर से नाला बंद करने से मोहल्ले के कब्रिस्तान, प्रमुख मार्ग सहित लगभग 30 बीघा भूमि गंदे पानी में डूबी हुई है। इससे संपूर्ण आबादी गंदगी और दुर्गंध में जी रही है। लोगों का कहना है कि समस्या की ओर किसी का ध्यान नहीं है, जबकि पालिका की ओर से विकास के दावे किए जा रहे हैं।
नगर पालिका क्षेत्र का यह वार्ड नगर के सबसे पिछड़े वार्डों में से एक है। जिसकी आबादी लगभग 10 हजार तथा शत- प्रतिशत आबादी मुस्लिमों की है जो मजदूरी पर आश्रित हैं। वार्ड में वर्षों पहले स्लाटर हाउस का निर्माण होने से नाराज लोगों ने नाला पाट दिया था, जिससे जलनिकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है। इससे मोहल्ले का आधा कब्रिस्तान जलमग्न है। बाईपास मार्ग से मोहल्ले में आने वाली सड़क जलमग्न है। इसके अलावा कुछ लोगों के खेतों में भी महीनों से पानी भरा हुआ है। वरिष्ठ कालीन निर्यातक नसरुद्दीन अंसारी ने कहा कि मोहल्ले में किसी के यहां शादी विवाह होने पर परेशानी बढ़ जाती है। वार्ड सभासद नसरुन ने बताया कि समस्या जल निकासी की है। पालिका की ओर से इंटर पंपिंग स्टेशन (आईपीएस) का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे गंदा पानी नाले तक ले जाया जाएगा। बताया कि जलभराव से निर्माण में बाधा आ रही है। कहा कि 31 मार्च से पहले आईपीएस का काम पूरा कराने की कोशिश की जा रही है।
गरीबों की कोई सुनने वाला नहीं
वार्ड की मुख्य आबादी मजदूरी कर अपना पेट पालती है। लोग सुबह काम पर निकल जाते हैं और शाम को लौटते हैं। उनकी समस्या को ना कोई उठाने वाला है ना ही कोई सुनने वाला। यदि नगर पालिका इस समस्या को लेक गंभीर नहीं हुई तो आंदोलन का रास्ता अख्तियार किया जाएगा।- हॎनैन अंसारी, पालिका चुनाव में चेयरमैन पद के हारे प्रत्याशी
मार्च तक संभव है समस्या का निदान: पालिकाध्यक्ष
वार्ड में आईपीएस बनने के बाद ही समस्या दूर होगी। आईपीएस निर्माण पूरा कराकर चालू कराने के गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। जलभराव से आपीएस का काम भी बाधित हो रहा है। आशा है कि मार्च के अंत तक इसका निर्माण पूरा कराकर जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करा दी जाएगी।
अशोक कुमार जायसवाल, पालिकाध्यक्ष