ज्ञानपुर। अंत:करण की शुद्धि का महापर्व डाला छठ ग्रामीण इलाकों में भी परंपरागत ढंग से मनाया गया। भोगांव से लेकर सीतामढ़ी तक के तमाम गंगा घाटों और दुर्गागंज से लेकर सुरियावां तक के सरोवरों और जलपूरित स्थानों पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया।
सुरियावां के बावन बीघा तालाब, जोधराज सिंह तालाब समेत तमाम सरोवरों पर लोगों ने छठ पूजा की। इसी तरह चौरी, महाराजगंज, औराई और उगापुर क्षेत्रों में भी छठ पूजा की धूम मची रही। पाली भिड़िउरा और असनाव क्षेत्र में जगह-जगह सरोवरों के किनारे व्रती महिलाओं और उनके परिजनों की भीड़ जमा रही। लोगों ने सूर्य को अर्घ्य देकर मां का आह्वान किया।
--
घाटों पर सेवा में बढ़े कई हाथ
ज्ञानपुर। डाला छठ पर कुछ स्वयंसेवी संस्थाएं और विशिष्ट लोग व्रतियों की सहूलियत के लिए जुटे रहे। ज्ञान सरोवर पर ज्ञानपुर विकास मंच की ओर से साफ-सफाई कराने के साथ ही व्रती महिलाओं और उनके परिजनों की सुविधाओं का ध्यान दिया गया। चेयरमैन ज्ञानपुर हीरालाल मौर्या ने मौके पर खड़े रहकर पूजा के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। घाटों पर गाजे-बाजे के साथ श्रद्धालु पहुंचे थे।
--