वहिदानगर। कोइरौना थाना क्षेत्र के रजमला गांव में रविवार की शाम जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में छात्रा समेत 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी डीघ में भर्ती कराया, जहां चार की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने अन्यत्र रेफर कर दिया। एक-दूसरे के खिलाफ दी गई तहरीर को गंभीरता से लेकर पुलिस सोमवार को देर शाम तक लिखापढ़ी में लगी रही।
छविनाथ यादव और ब्रह्मदेव यादव सगे पड़ोसी हैं और दोनों के बीच काफी दिनों से जमीन विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही है। रविवार को भी उसी रंजिश के कारण दोनों पक्ष के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई। दोनों ओर से जमकर चले लाठी-डंडे के दौरान एक पक्ष से अर्चना (17), सुमन (25), डॉ. बलिराम यादव (50), ओम यादव (11), विद्या देवी (48) तो दूसरे पक्ष से छविनाथ यादव (65), शिवललित यादव (35), रामललित यादव (40), सुशीला देवी (32), रेनू देवी (28), रेशमा देवी (60), दीपचंद (30) घायल हो गए। दोनों ओर से पांच-पांच लोगों के खिलाफ मिली तहरीर पर पुलिस कार्रवाई में जुटी रही। इसी क्रम में रविवार की शाम ही दरवांसी गांव में हाशमी और पाल बिरादरी के बबूल की डाल काटने की कहासुनी पर मारपीट कर लेने से एक पक्ष का पलड़ा मजबूत होने से मौके पर पहुंची पुलिस दो-दो लोगों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।