नए साल के पहले दिन जिले के दो लाख 26 हजार किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत दो-दो हजार रूपये की दसवीं किस्त आनी शुरू हो जाएगी। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बटन दबाते ही किसानों के खाते में यह रकम पहुंचनी शुरू हो जाएगी। इसके लिए कृषि विभाग ने किसानों का खाता लॉक कर दिया है।
कर्ज से डूबे किसानों के लिए केंद्रीय सरकार की ओर से दिसंबर 2018 में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की शुरूआत की गई थी। इस योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष दो हजार रुपये के हिसाब से चार किस्त देनी है। शुरू में तो इस योजना से जिले के 1.78 लाख किसान जुड़े थे। लेकिन बाद में यह संख्या बढ़कर दो लाख 46 हजार पहुंच गई , हालांकि अपात्रों के नाम कटने से यह संख्या घटकर दो लाख 26 हजार है। उप कृषि निदेशक अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि जिले के पंजीकृत दो लाख 26 हजार किसानों के खाते लॉक कर दिए गए हैं। शुरू में 21 और उसके बाद 15 दिसंबर को 10 वीं किस्त जारी करने की तिथि तय हुई थी। अब एक जनवरी को नये साल के दिन किसानों के खाते में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बटन दबाकर डीबीटी करेंगे। जिससे किसानों को 10वीं किस्त मिल जाएगी। उन्होंने बताया कि पहली बार 30 हजार किसान योजना का लाभ पाएंगे। उन्होंने बताया कि योजना के लाभार्थी किसानों को जनवरी के पूरे महीने में यह किस्त जाती रहेगी। इसलिए पहले दिन जिनके खाते में दो-दो हजार की किस्त न पहुंचे वह परेशान न हो।