जिले के 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें 1050 मरीजों का उपचार हुआ। ज्यादातर मरीज मौसमी बीमारी से ग्रसित पहुंचे। मेले में सर्दी, जुकाम, खांसी, वायरल बुखार के मरीज आए।
बदन दर्द, सर दर्द के मरीजों की संख्या कम रही। चिकित्सकों ने बताया कि ठंड में इजाफा होने लगा है। इसके कारण मरीजों की संख्या अब ओपीडी में कम होने लगी है। चकटोडर, कसियापुर, करियावां, लालानगर, जंगीगंज, गोपीगंज, गिर्दबडगांव, सेमराध, महजूदा, कटरा, डेरवा, जयरामपुर, नई बाजार, अमिलौरी, हरिहरपुर, दुर्गागंज आदि पीएचसी पर रविवार को सुबह 10 से चार बजे तक स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। विभिन्न पीएचसी पर कुल 1050 मरीज आए। चकटोडर पीएचसी प्रभारी डॉ. विश्राम मौर्या ने बताया कि मेले में सर्दी, जुकाम, वायरल बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही।
दोपहर एक बजे तक 19 मरीज आए, जिन्हें दवाएं दी गईं। उन्होंने मरीज, तीमारदारों को सेहत के प्रति सजग रहने की नसीहत दी। कहा, बदलते मौसम में स्वास्थ्य को लेकर सावधानी बरतें। बच्चों को सुबह-शाम गर्म कपड़े जरूर पहनाएं। कसियापुर में डॉ. डीके वर्मा, जंगीगंज में डॉ. संतोष यादव, करियावं में प्रियरंजन तिवारी ने मरीजों का उपचार किया। संवाद