जिले में गड्ढायुक्त सड़कों को निर्धारित समय में गड्ढामुक्त करने का निर्देश शासन ने दिया है। इसी के तहत 15 सितंबर से 15 नवंबर तक गड्ढामुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इसमें जिले की 663 किलोमीटर की सड़क को गड्ढामुक्त करना है। अभियान शुरू हुए 35 दिन बीत गए, लेकिन महज 100 किमी ही सड़क बन सकी है। अब बचे हुए महज 25 दिन में 563 किलोमीटर की सड़क को गड्ढामुक्त करना विभाग के लिए चुनौती है। लोगों की मानें तो यह कार्य काफी मुश्किल है। विभाग समय से काम पूर्ण करने के चक्कर में गुणवत्ता प्रभावित करेगा। लोगों ने सवाल उठाए हैं कि जब एक महीने में महज सौ किमी काम हुआ है तो बचे हुए एक माह से कम समय में पांच गुना काम कैसे किया जा सकेगा।
बीते वर्ष एक्सपो मार्ट भदोही में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजनाओं की उपलब्धियां गिनाते हुए सड़कों का नवीनीकरण, मरम्मत और गड्ढामुक्त रखने को प्रमुखता दी थी। शासन की सख्ती बढ़ने पर लोक निर्माण विभाग ने लगभग 663 किमी बनी ऐसी सड़कों को चिह्नित किया जो गड्ढों में तब्दील है। अभियान को लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए लगभग पांच करोड़ का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा। धनराशि मिलने से पूर्व ही विभागीय अवर अभियंताओं ने प्रथम वरीयता शहरी क्षेत्र को दिया लेकिन अभी तक मात्र 100 किमी तक अभियान के संतृप्त होने से राहगीरों ने सवाल उठाए हैं।