कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका के बीच शनिवार को एक ही दिन में एक स्वास्थ्यकर्मी समेत 10 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इनमें पांच पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं। जिले में 10 नए संक्रमित मिलने से एक्टिव मरीजों की संख्या 14 हो गई है। बाहर से आने वालों की जांच में भी वृद्धि कर दी गई है।
कालीन नगरी में कोरोना संक्रमण ने तीसरी लहर की आशंका के बीच फिर से पांव पसारना शुरू कर दिया है। शनिवार को 10 कोरोना संक्रमित मरीज मिलने से अब कुल संक्रमितों की संख्या 14 हो गई है। इसमें भदोही ब्लॉक के पिपरीस फत्तूपुर के एक युवती और एक महिला, मुशी की एक युवती और एक किशोर, ज्ञानपुर में एक युवक, भदोही की एक महिला, सुरियावां सीएचसी में एक स्वास्थ्य कर्मी समेत दो, कुंडीपुर में एक, पावर हाउस भदोही से एक संक्रमित मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी मरीजों को होम आइसोलेट कर इलाज शुरू कर दी है। वहीं संक्रमितों के संपर्क में आए सभी लोगों की जांच भी की जा रही है। सुरियावां सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरबी पाठक ने बताया कि सीएचसी में एक महिला स्वास्थ्य कर्मी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने पर सभी 17 चिकित्सकों समेत सभी स्वास्थ्य कर्मियों के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए है।
उधर, कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग के साथ ही जिला प्रशासन की चुनौती बढ़ गई है। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित दुबे ने बताया कि शनिवार को 10 कोरोना संक्रमित मिले हैं। सभी को होम आइसोलेट कर इलाज शुरू कर दिया गया है। अब कुल मरीजों की संख्या 14 हो गई है। कोरोना संक्रमित मरीजों के नमूने जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे जाएगे। इसके बाद ही इन संक्रमित मरीजों में मिलने वाले वैरिएंट की जानकारी मिलेगी। संक्रमितों के संपर्क में आने वालों को भी चिह्नित किया जा रहा है। उनकी जांच कराकर उन्हें होम आइसोलेशन में रखा जाएगा। होम आइसोलेशन में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य की मानीटरिंग की जाएगी। बाहर के राज्यों से आने वाले लोगों की निगरानी की जा रही है। रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की जांच की जा रही है।