केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने पी कर ही सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव को अपशब्द कहा होगा। क्योंकि ऐसे पद पर आसीन लोग अपशब्द नहीं बोलते और न ही बोलना चाहिए। ये कहना है प्रसिद्ध कामेडियन और कानपुर के सपा प्रत्याशी राजू श्रीवास्तव का।
मेरठ में एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे राजू श्रीवास्तव ने कहा कि बेनी बाबू जरुर पीकर बहक गए होंगे। कामेडी से राजनीति में आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राजनीति में आने की बचपन से इच्छा थी, प्लेटफार्म मिला तो जनता की सेवा करने आ गया। राजनेताओं पर कामेडी करने के सवाल पर वो बोले कि समाज के सभी वर्गों पर कामेडी करता हूं। राजनेता भी समाज का हिस्सा है। तो उसमें हर्ज क्या है।
राजनीति में राजू ने अपना आदर्श मुलायम सिंह यादव, अटल बिहारी वाजपेयी और अन्ना हजारे को बताया। उन्होंने कहा कि नेताजी के विचारों से प्रभावित होकर ही उनकी पार्टी में शामिल हुआ हूं। अटल जी का पूरा राजनैतिक जीवन बेदाग रहा है और अन्ना हजारे जनता के हक की बात करते हैं। इन तीनों से प्रभावित हूं।
सपा सरकार के एक वर्ष पूरे होने पर मुलायम सिंह की नाराजगी के बारे में पूछे जाने पर कहा कि प्रदेश सरकार ने विकास कार्य आगे बढ़ाए है। प्रदेश की कानून व्यवस्था से नेताजी जरूर नाराज हैं लेकिन जल्द सुधार किया जाएगा। सुधार की गुंजाइश हर जगह होती है।
फिल्मी सितारों के पार्टी छोड़ने पर उन्होंने कहा कि कई लोग वापस आना चाहते हैं, जो वक्त आने पर आपको भी पता चल जाएगा। 2014 के लोकसभा चुनावों के बारे में उन्होंने कहा कि पार्टी चुनावों के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर तो चाहते हैं कि संजय दत्त को माफी मिल जाए लेकिन फिर ऐसा न हो कि माफी देना एक चलन ही बन जाए।