नगर बाजार। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि डीजे की आवाज कम करने का अनुरोध करने पर संचालकों ने उसके साथ गाली-गलौज की और भीड़ में कुचलकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर नगर पुलिस ने 10 नामजद डीजे संचालकों समेत 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
ग्राम बसहवा निवासी सालिकराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 21 सितंबर की रात बच्चों और गांव के अन्य लोगों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन का मेला देखने कस्बा नगर आया था। चौराहे के आगे कई डीजे संचालक तेज आवाज में डीजे बजा रहे थे। आवाज इतनी तेज थी कि बच्चे डरकर रोने लगे और आसपास के मकानों में कंपन होने लगा। सालिकराम के मुताबिक, बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी को देखते हुए उसने डीजे की आवाज कम करने का अनुरोध किया। आरोप है कि इस पर कुछ संचालक भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने गोपी डीजे, सान डीजे, मोनू डीजे, साई डीजे, न्यू अंश डीजे, अंकित डीजे, आनंद डीजे, तुलसीराम डीजे, कार्तिक डीजे और तनमय डीजे संचालकों समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी राम प्रसाद यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद