मुंबई से लौटा युवक कोरोना पॉजिटिव
मुंडेरवा (बस्ती)। मुंबई से आए युवक में कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। अब उसके परिवार के नौ सदस्यों को ओपेक चिकित्सालय कैली में क्वारंटीन किया गया है। प्रशासन युवक के संपर्क में आने वालों की सूची बना रहा है। जिले में कोरोना पॉजिटिव की 42 पहुंच गई है। जबकि 22 निगेटिव होकर घर जा चुके हैं। मौजूदा समय में एक्टिव केस 19 हो गए हैं। जबकि एक युवक की पहले ही मौत हो चुकी है।
28 अप्रैल को युवक मुंबई से बाइक से अपने सहयोगी के साथ गांव पहुंचा। ग्रामीणों की सूचना पर उसे 30 अप्रैल को प्राइमरी स्कूल में क्वारंटीन किया गया। इसके बाद जब उसकी जांच हुई तो रिपोर्ट निगेटिव आई। हालांकि उसे घर नहीं भेजा गया। आठ मई को फिर से उसके स्वाब का नमूना लेकर बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मंगलवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसे मुंडेरवा स्थित लेवल-वन अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। चूंकि युवक मुंबई से आया है, लिहाजा प्रशासन उसे गैर प्रांत से संक्रमण लेकर आना मान रहा है। डीएम आशुतोष निरंजन ने बताया कि पॉजिटिव पाया गया युवक मुंबई से आया है। ऐसे में गांव को विधिक रूप से सील करने की जरूरत नहीं है। हां, युवक के संपर्क में आए लोगों की जांच कराई जाएगी।