उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग पर छावनी थाने के पचवस गांव के पास मंगलवार दोपहर में बहराइच से गोरखपुर जा रही कार में अचानक आग लग गई। इस दौरान कार धू-ध करके जलने लगा। कार में सवार बैंककर्मी ने अपनी पत्नी व बच्चों के साथ कूद कर अपनी जान बचाई। इस दौरान किसी हताहत की सूचना नहीं है।
गोरखपुर जिले के थाना कोतवाली स्थित जाफराबाद निवासी कार चालक हर्षित प्रकाश पुत्र राजीव प्रकाश ने बताया कि वह बहराइच में इंडस बैंक शाखा में बतौर मैनेजर पोस्ट पर हैं। अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ निजी कार से घर गोरखपुर जा रहे थे।
इस दौरान पचवस गांव के समीप पहुंचने पर कार का इमरजेंसी इंडिकेटर जलने लगा। जब तक कुछ समझ पाते, इंजन से धुआं निकलने लगा। खतरा भांपकर बैंक मैनेजर ने गाड़ी सड़क किनारे लगाकर परिजनों को उतार लिया।
सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष हरे कृष्ण उपाध्याय ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड पहुंचती कार जल चुकी थी। इस दौरान घंटे भर के लिए अयोध्या से गोरखपुर हाइवे लेन पर एनएचए आई टीम ने आवाजाही बंद कर दिया था, बाद में फिर यातायात बहाल कर दिया गया।