कप्तानगंज। सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान ही मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। युवक की दो महीने पहले शादी हुई थी, वह अपने घर का इकलौता चिराग था। कप्तानगंज थाना क्षेत्र महुआ मिश्र गांव के रहने वाले शिवम चौधरी (20) दिल्ली में रहकर प्राइवेट जॉब करता था। 28 जून वह घर से किसी काम के लिए कप्तानगंज आ रहा था। जैसे ही शिवम एसबीआई के सामने पहुंचा तभी तेज रफ्तार बाइक चालक ने टक्कर मार दी थी।
जिससे शिवम चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए पहले सीएचसी कप्तानगंज ले गए, वहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने मेडिकल काॅलेज लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। एक सप्ताह तक वहां पर इलाज के बाद शिवम की हालत में सुधार हो गया था। परिजन उसे लेकर घर चले आए थे।
मंगलवार की सुबह अचानक शिवम की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन आनन-फानन में उसे ओपेक कैली अस्पताल ले गए वहां इलाज के दौरान शिवम की मौत हो गई। परिजन शव का बिना पोस्टमार्टम कराए ही कटरिया चांदपुर सरयू नदी पर अंतिम संस्कार कर दिया।