वाल्टरगंज। बस्ती-रुधौली मार्ग पर कोतवाली थाना हरदिया चौराहे के पास बृहस्पतिवार को डंपर की चपेट में आने से घायल बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज लखनऊ में मौत हो गई।
वाल्टरगंज क्षेत्र के रमवापुर माफी गांव निवासी 32 वर्षीय मोहम्मद वसीम अपने भतीजे 17 वर्षीय शाहिद को लेकर दोपहर किसी कार्य से बस्ती जा रहे थे। हरदिया पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे अनियंत्रित डंपर ने चपेट में ले लिया था। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सक ने मोहम्मद वसीम को नाजुक स्थिति देख लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। जहां पर इलाज के दौरान वसीम ने शुक्रवार को भोर में दम तोड़ दिया। मौत की खबर से मां सकिरा खातून, पत्नी शकीना बानो, भाई हनीफ, ताज मोहम्मद, सनीफ, समीम, इब्राहिम, करीम सहित अनेक लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। शाम को शव घर लाया गया। संवाद