करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, दो लोग झुलसे
बनकटी (बस्ती)। लालगंज थाना क्षेत्र के खैराटी गांव के एक घर में लगे लोहे के चैनल में करंट आने से 19 वर्षीय युवक चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, पड़ोस की एक वर्षीय बालिका व 55 वर्षीय महिला भी झुलस गई।
सोमवार की सुबह साढ़े ग्यारह बजे खैराटी गांव निवासी 19 वर्षीय शहाबुद्दीन गेट बंद करके घर का काम कर रहा था। उसके परिवार के बाकी लोग बाहर गए हुए थे। काम करके जैसे ही लोहे के चैनल का दरवाजा खोलने के लिए हाथ लगाया, वह करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलस कर वह अचेत अवस्था में नीचे गिर पड़ा। शरीर से धुआं निकलता देख, पड़ोस की महिला सकलैन पत्नी मुख्तार ने दौड़कर चैनल खोलना चाहा, जिससे वह भी करंट की चपेट में आ गई। वहीं, चैनल के पास खेल रही एक वर्षीय उसकी पोती अतीफा भी चपेट में आ गई। वहां मौजूद मुख्तार ने लाठी से पीटकर केबल को तोड़ दिया, जिससे उसकी पत्नी सकलैन व पोती अतीफा की जान बच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने अंदर घुस कर तीनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी पहुंचाया, जहां डॉक्टर धर्मेंद्र चौधरी ने शहाबुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। बाकी दोनों का इलाज चल रहा है।