हरैया। हर्रैया क्षेत्र के पैकोलिया थाना अंतर्गत चोरखरी गांव में रविवार की शाम टुल्लू पंप का तार जोड़ते समय करंट लगने से निजी स्कूल के शिक्षक शहाबुद्दीन (25) की मौत हो गई।
बरकत अली के पुत्र शहाबुद्दीन रविवार शाम करीब 7:30 बजे अपने घर पर टुल्लू पंप की वायरिंग ठीक कर रहे थे, तभी वे अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें आनन-फानन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हर्रैया ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर रहे शहाबुद्दीन अपने परिवार के जीविकोपार्जन का सहारा थे। उनके तीन बड़े भाई मुंबई में रहते हैं, जो घटना की सूचना मिलते ही गांव के लिए रवाना हो चुके हैं।
घर पर माता-पिता और छोटे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। इस असामयिक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजन के अनुसार, सोमवार को जनाजा निकाला जाएगा और उन्हें स्थानीय कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। संवाद