संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत
परशुरामपुर। थाना क्षेत्र के सरनामगंज के 32 वर्षीय महेश पुत्र झिनकान की लाश शुक्रवार की रात ग्रामीणों ने कोडरी से सरनामगंज कहारनपुरवा नहर पटरी पर देखी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महेश कुमार शुक्रवार शाम घर से निकले थे। जिसके बाद देर रात तक वापस नहीं आए। पत्नी वैष्णवी अयोध्या जिला अस्पताल में भर्ती थी जिसने शुक्रवार को दिन में बेटी को जन्म दिया। पति की मौत की सूचना पर शनिवार को घर पहुंची। गांव वालों के चर्चा के मुताबिक महेश कुमार शराब बहुत अधिक पीता था। रोजाना शराब पीकर घर पहुचंता था। शुक्रवार रात उसका शव रास्ते में पड़ा मिला। महेश की दो बेटियां हैं बड़ी बेटी रिया डेढ़ वर्ष तथा दूसरी नवजात। एसओ सदानंद सिंह का कहना है कि ग्रामीणों की सूचना पर शव को कब्जे में लिया गया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चले सकेगा कि मौत कैसे हुई। फिलहाल पीड़ित परिवार की ओर से कोई तहरीर भी नहीं दी गई है।