मानिकचंद/पुरानी बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के बड़ेरिया बुजुर्ग गांव में रविवार सुबह 32 वर्षीय आशीष पुत्र रंजीत का शव कमरे में पंखे के कुंडे से फंदे के सहारे लटका मिला। इसकी जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुबह करीब साढ़े छह बजे फंदे से लटका शव देख परिवार वालों के पांव तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुरानी बस्ती थाने की पुलिस ने शव को उतरवाया और आवश्यक कार्रवाई पूरी की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। परिजनों के अनुसार, आशीष पांच भाइयों में सबसे छोटा था। वह शादीशुदा था और निजी वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। थानाध्यक्ष शशांक शेखर राय ने बताया कि मामले के हर पहलू से जांच की जा रही है। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जानकारी परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।