बस्ती। बंद बोतल में मिश्रित शराब तैयार कर धंधेबाज सेटिंग की सरकारी दुकानों पर इसकी खेप पहुंचा रहे हैं। दो दिन पहले मुंडेरवा की कंपोजिट दुकान में अपमिश्रित शराब पकड़े जाने के बाद विभाग के भी होश उड़ गए हैं। महकमा इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटा है।
मुंडेरवा में कंपोजिट दुकान की अंग्रेजी शराब की कुछ शीशियों की जांच में मिलावटी शराब की पुष्टि के बाद प्राथमिकी दर्ज कराई गई। मुंडेरवा पुलिस ने दुकान पर कार्यरत दो सेल्समैन को गिरफ्तार भी किया है। जिला आबकारी अधिकारी की ओर से संबंधित दुकान का लाइसेंस निलंबित कर मामले का पटाक्षेप दिया गया लेकिन कई सवाल निरुत्तर छोड़ दिए गए। सरकारी दुकानों पर मिलावटी शराब की खेप पहुंचाने वाले नेटवर्क को खंगालने की जहमत महकमे ने नहीं उठाई।
सूत्र बताते हैं कि धंधेबाज बड़े पैमाने पर अवैध अंग्रेजी शराब तैयार कर उसे सरकारी दुकानों पर खपा रहे हैं। इनका नेटवर्क बस्ती समेत आसपास के जिलों तक फैला है। अधिक बिकने वाले ब्रांड की 180 एमएल शीशी का डुप्लिकेट शराब तैयार किया जाता है। धंधेबाज इसे सौ रुपये प्रति शीशी के हिसाब से दुकान पर बेचते हैं। वहीं, आम ग्राहक को यह मिलावटी शराब प्रिंट मूल्य पर 70 से 80 रुपये मुनाफा लेकर बेच दी जाती है। धंधेबाज डिस्टिलरी से निकलने वाले टैंकर से रास्ते में अल्कोहल निकलवा लेते हैं।
बाद में इसमें पानी मिलाकर कम मात्रा का अल्कोहल तैयार करते हैं। रंगीन बनाने के लिए इसमें केमिकल भी मिलाया जाता है। फैक्टरी से निर्मित अंग्रेजी शराब में 48 प्रतिशत अल्कोहल की मात्रा रहती है। धंधेबाज इससे कम मात्रा में ही 36 से 40 डिग्री तक अल्कोहल रखते हैं, ताकि इसका सेवन करने वालों पर तत्काल कोई बुरा प्रभाव न पड़े। इस अपमिश्रित शराब की पैकिंग भी बिल्कुल फैक्टरी की तरह की जाती है।
जानकारों के अनुसार, कानपुर की मंडी से बड़ी मात्रा में बार कोड, शीशी, ढक्कन, पैकिंग मंगाई जाती है। गोपनीय ठिकानों पर बाकायदे इलेक्ट्रॉनिक पैकिंग मशीन की मदद से 180 एमएल और 400 एमएल की बंद शीशी तैयार की जाती है। आम ग्राहक इसे खरीदने के बाद इसके नकली होने की पहचान नहीं कर पाता है। मिलावटी शराब खपाने का ज्यादातर खेल ग्रामीण अंचल की दुकानों के जरिये किया जाता है।
इसे बेचने में सेल्समैन भी माहिर होते हैं। असली शराब के गत्ते में कुछ मात्रा में नकली शीशियां रख दी जाती है। चेहरे से ग्राहक पहचानकर कम जागरूक लोगों को मिलावटी शराब प्रिंट मूल्य पर पकड़ा दी जाती है। बताते हैं कि टैंकर से अल्कोहल की चोरी हाईवे के कुछ ढाबों पर की जाती है। वहां से धंधेबाज इसे ठिकानों पर पहुंचाकर मिलावटी शराब बनाते हैं। बाद में दुकानों तक आपूर्ति कर दी जाती है।
अल्कोहल मीटर से पकड़ी गई नकली शराब
मुंडेरवा कंपोजिट दुकान पर छापे के दौरान बिक्री के लिए रखी गई 8 पीएम, रॉयल स्टैग, आइकॉनिक और आफ्टर डार्क समेत अलग-अलग ब्रांड के 180 और 400 एमएल की शीशियां में शराब का रंग सामान्य से हल्का दिखा। शक होने पर अल्कोहल मीटर से जांच की गई तो उसमें निर्धारित मात्रा से कम अल्कोहल मिला। थानाध्यक्ष मुंडेरवा विश्वमोहन राय का कहना है कि दुकान पर कुछ शीशियों के ढक्कन खोलकर उसमें से शराब निकाल ली जाती थी और पानी भरकर बेचने की बात सामने आई है।
ऐसे करें पहचान
विभागीय जानकार बताते हैं कि असली शराब की शीशी दुकानदार तभी देता है जब उसका बारकोड स्कैन कर लेता है। शराब लेते समय यदि बार कोड स्कैन नहीं किया जा रहा है तो समझ जाइए कुछ खेल है। इसके अलावा फैक्टरी से निर्मित शराब में डबल लॉक होता है। डुप्लिकेट शराब में बार कोड जैसा केवल चमकीला रैपर होता है। इसे हटाते ही सिंगल लॉक पर ही शीशी खुल जाती है।
ज्यादा मात्रा में एल्कोहल का सेवन नुकसानदेह है। स्प्रिट की मात्रा अधिक होने से अपमिश्रित शराब कभी-कभी जानलेवा साबित हो जाती है। कभी-कभी केमिकल युक्त रंग भी मिलाया जाता है। इसके सेवन से लिवर और किडनी पर सीधा असर पड़ता है। -डॉ. रामजी सोनी, वरिष्ठ फिजिशियन।
मुंडेरवा कंपोजिट दुकान में अपमिश्रित शराब पकड़े जाने पर तत्काल कार्रवाई की गई। प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ दुकान का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया है। छानबीन में स्थानीय स्तर पर ही पानी मिलाने की बात सामने आई है। फिर भी विभाग सतर्क है। -राजेश कुमार, जिला आबकारी अधिकारी।