यूपी बोर्ड : नकल माफिया नहीं बदल पाएंगे उत्तर पुस्तिका
- हाईस्कूल के परीक्षार्थियों को भूरे व इंटरमीडिएट को मिलेगी वैलवेट रंग की कॉपी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। यूपी बोर्ड परीक्षा नकल विहीन कराने के उद्देश्य से तमाम कोशिशें चल रही रही हैं। नकल माफियाओं पर नकेल कसने लिए बार कोड आधारित उत्तर पुस्तिका दी जाएगी। यह बार कोड बोर्ड के पास दर्ज रहेगा। कापी जांचते समय यदि परीक्षक को संदेह होता है तो वह बार कोड के जरिए उसकी असलियत पता कर सकता है। स्कैनर से स्कैन करते ही बार कोड काॅपी के असली नकली होने का पता चल जाएगा।
उल्लेखनीय है जनपद में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 401 विद्यालय हैं। इनमें 22 राजकीय, 70 वित्त पोषित व 309 वित्तविहीन शामिल हैं। इस बार हाईस्कूल में 42306 और इंटरमीडिएट के 36274 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। 22 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षाओं के लिए बोर्ड ने 122 परीक्षा केंद्र भी बनाए हैं। डीआईओएस जगदीश शुक्ल ने बताया कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की कॉपियों के रंग अलग-अलग हैं।
कॉपी पर सिक्योरिटी कोड है। हर कॉपी का अलग-अलग कोड होगा। सिक्योरिटी कोड से फर्जी कॉपी पकड़ में आ जाएगी। इससे परीक्षा में कॉपियों की अदला-बदली रुकेगी। कॉपी पर अंकित सिक्योरिटी कोड के स्केन करने पर कॉपी का डिटेल सामने आ जाएगा, जिससे यह पता चल सकेगा कि कॉपी यूपी बोर्ड से आवंटित अधिकृत है या नहीं।
हाईस्कूल की अ उत्तर पुस्तिका यानी कॉपी का रंग भूरा है। अ कॉपी में 16 पृष्ठ हैं। हर पन्ने पर क्रमांक है। कॉपी के पहले व सातवें पन्ने पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद का लोगो छपा है। ब काॅपी में 12 पृष्ट हैं। कलर वैलवेट रंग का है। इंटर की अ उत्तर पुस्तिका का रंग गुलाबी है। यह काॅपी 32 पन्ने की है। हर पन्ने पर क्रमांक है। कॉपी के पहले व 15वें पन्ने पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद का लोगो छपा है। व कॉपी में 12 पृष्ठ हैं और यह लाल रंग की है।