कमिश्नर समेत छात्र-छात्राओं ने किया योगाभ्यास, लिया संकल्प
- कमिश्नर ने राजकीय उद्यान तो छात्र-छात्राओं ने कॉलेजों में किया योगासन
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत अमृत योग सप्ताह के दूसरे दिन बुधवार को आयुर्वेदिक हेल्थ वेलनेस सेंटर के योग प्रशिक्षकों व चिकित्सकों ने अधिकारियों व विद्यार्थियों समेत आम जनमानस को योग सिखाकर अभ्यास कराया। इस दौरान अभ्यास करने वाले लोगों ने अन्य को भी योग के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
राजकीय उद्यान में मंडलायुक्त गोविंद एनएस राजू, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राजेश कुमार प्रजापति, डीएफओ नवीन कुमार शाक्य व डॉ. श्रेया सहित अन्य अधिकारियों को योगाभ्यास कराते हुए योग प्रशिक्षक गरुणध्वज पांडेय व आदित्य नारायण गिरि ने बताया कि योग हमारी दिनचर्या का हिस्सा है, इसे उसी सहजता से स्वीकार किया जाना चाहिए। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वीके श्रीवास्तव और डॉ. कल्पना ने लोगों को योग करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। पटेल आयुष पैरामेडिकल कॉलेज गोटवा में कॉलेज के संस्थापक डॉ. वीके वर्मा व निदेशक डॉ. आलोक रंजन वर्मा की मौजूदगी में योग प्रशिक्षक श्वेता श्रीवास्तव और कृष्ण मुरारी पांडेय ने मेडिकल छात्र-छात्राओं को योगाभ्यास कराया। योग प्रशिक्षकों ने बताया कि योग से हर तरह के रोगों पर नियंत्रण पाया जा सकता है। इस दौरान माया वर्मा, पूजा वर्मा, शिवानी, महिमा, प्रियंका, वंदना, गरिमा, प्रिया, मैना व सुमन आदि मेडिकल छात्राओं ने योगाभ्यास किया। महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज रामपुर में डा वीरेन्द्र त्रिपाठी व शन्नो दुबे, आईटीआई में सुभाष वर्मा, नवोदय विद्यालय में योग प्रशिक्षक दयाशंकर मिश्र, सदर तहसील में डॉ. प्रवेश कुमार रेसोर्स परसन, हरैया में योग शिक्षक विक्रमादित्य सिंह, रुधौली में अनिल कुमार श्रीवास्तव,भानपुर में सुभाष चन्द्र सोनी, पॉलिटेक्निक में दीपिका पान्डेय ने लोगों को योगाभ्यास करवाकर उसका महत्व बताया। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वीके श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को तकरीबन 30 हजार लोगों को योग का प्रशिक्षण दिया गया। बताया कि 21 जून को आयोजित विश्व योग दिवस के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।