वाल्टरगंज। गोविंद नगर शुगर मिल के गेट पर श्रमिकों का आंदोलन थमने नाम नहीं ले रहा है। मिल चलाओ की अपनी मांग को लेकर श्रमिकों का धरना मंगलवार को 57वें दिन भी जारी रहा। श्रमिक मिल प्रबंधन और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
श्रमिकों ने कहा कि मिल बंद होने से सैकड़ों श्रमिकों की रोज़ी-रोटी पर संकट आ गया है, जबकि गन्ना किसानों को भी अपनी उपज की खपत को लेकर नुकसान उठाना पड़ रहा है। धरने पर बैठे श्रमिकों ने चेतावनी दी कि जब तक मिल को चालू करने का ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक यह धरना जारी रहेगा। धरने पर महेश पांडेय, अंगद वर्मा, राकेश चौधरी, रामलखन शुक्ला, वीरेंद्र चौधरी, नित्यराम चौधरी आदि मौजूद रहे। संवाद