वाल्टरगंज। थाना क्षेत्र के भुजैनिया निवासी जवाहिर चौहान (36) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मचा गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू किया है।
पत्नी सुषमा देवी ने बताया कि मंगलवार को सुबह लगभग आठ बजे उनके पति थाना क्षेत्र के जिनवा/नारायनपुर चौराहे पर स्थित बिल्डिंग मटीरियल की दुकान पर मजदूरी करने गए थे। वहां पर वह संदिग्ध हालात में गंभीर रूप से घायल हो गए। दुकानदार उन्हें निजी साधन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सल्तौआ लेकर गए। नाजुक स्थिति में वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में उनके देवर और बेटा भी गया लेकिन घटना की जानकारी उन्हें नहीं दी। शाम लगभग सात से आठ बजे के बीच में उन्हें अस्पताल से लेकर वे घर आ गए। सभी लोग खाना खाने के बाद सो गए। रात में करीब तीन बजे उनकी मौत हो गई। परिवार के आकाश, अखिलेश, राज, रजनीश, बेटी करिश्मा, मां सोहबता आदि रोते-बिलखते रहे।
सुबह पुलिस आई और घटना के संबंध में परिवार वालों से पूछताछ की। उपनिरीक्षक गामा यादव ने भी जांच-पड़ताल की। प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र राय ने बताया कि सुषमा देवी की तहरीर के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। जांच की जा रही है।