- सीएमओ कार्यालय में अचानक होने लगा जलनिकासी का कार्य, उठने लगे सवाल
बस्ती। सीएमओ कार्यालय परिसर में बिना निविदा के ही जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने का कार्य आवंटित कर दिया गया है। परिसर में अचानक खोदाई करके जलनिकासी के लिए पाइपलाइन बिछाई जा रही है। लोगों का कहना है कि क्षतिग्रस्त सीमेंटेड पाइप डालकर मिट्टी से ढंक दिया जा रहा है। बावजूद इसके जिम्मेदारों की नजर इस पर नहीं पड़ रही है।
सीएमओ कार्यालय परिसर की जलनिकासी व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए नए सिरे से खोदाई करके ह्यूम पाइप डाला जा रहा है। सीमेंटेड पाइप की खराब गुणवत्ता को लेकर बृहस्पतिवार को दिन भर चर्चा होती रही। लोगों का कहना था कि जलनिकासी के लिए लाई गई सीमेंटेड पाइप जरा सा ठोकर लगते ही टूट जा रही है।
पाइप के ज्वाइंटर भी टूटे हुए हैं। इसे खोदाई करके डाल दिया जा रहा हैं और ऊपर से मिट्टी से ढंक दिया जा रहा है। जिससे बरसात के मौसम में अंडरग्राउंड पाइपलाइन में लीकेज की समस्या आम रहेगी। जानकारों के मुताबिक विभाग की निर्माण शाखा से इस कार्य का एस्टीमेट भी नहीं बनवाया गया है।
बारिश होने पर परिसर में लग जाता है पानी
विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों का कहना है कि बारिश के दिनों में परिसर पानी से भर जाता है। जिससे कार्यालय पहुंचने में कठिनाई होती है। इस समस्या से निजात पाने के लिए ही यह कार्य कराया जा रहा हैं।
परिसर में जलनिकासी की समस्या गंभीर है। जलनिकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य करवाया जा रहा है। अगर पाइप की गुणवत्ता खराब है तो इस पर कार्रवाई होगी।
- डॉ. आरएस दूबे, सीएमओ, बस्ती