भाइयों ने की थी बहन की हत्या, चार गिरफ्तार
वाल्टरगंज। थाना क्षेत्र के चौरा गांव के सीवान में एक जून को युवती की हत्या करके शव फेंके गए मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस के अनुसार, युवती की हत्या उसके भाइयों ने ही की थी। मृतका के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उसके दो भाइयों व दो पड़ोसियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की पूछताछ में मृतका के भाई श्रीनिवास ने बताया कि उसकी बहन घटना के दिन रात करीब 10.30 बजे किसी व्यक्ति से बात कर रही थी और अचानक मोबाइल फोन बंद हो गया था। बताया कि उसकी बहन की दो शादी हुई थी और उसकी वजह से अक्सर झगड़ा होता था। आजिज आकर उसने अपनी बहन की हत्या कर दी। शव रात भर घर के बाहर पड़ा रहा। सुबह के समय अपने भाई कनिक राम पड़ोसी रोहित और पृथ्वीराज के साथ मिलकर शव को गांव के सिवान में फेंक दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष डीके सरोज ने बताया हत्या में शामिल मृतका के दो भाई व दो पड़ोसियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले का पटाक्षेप करने में पुलिस टीम के उपनिरीक्षक ऋषि देव प्रसाद, सुरेंद्र कुमार सिंह, रिजवान अली, कांस्टेबल सतीश कुमार पांडे, अमित यादव व महिला कांस्टेबल सोनम शामिल रही।